खेतड़ी के धर्मेंद्र सिंह गुर्जर बने युवा कांग्रेस के जिला महासचिव
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। युवा कांग्रेस के चुनाव-2026 के परिणाम घोषित होने के बाद खेतड़ी उपखंड के मानोता खुर्द निवासी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर को युवा कांग्रेस झुंझुनूं का जिला महासचिव निर्वाचित किया गया है। उनके निर्वाचित होने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने जीत के बाद झुंझुनूं जिले के सभी विधायकों, सांसद विजेंद्र सिंह ओला, जिला अध्यक्ष रीटा चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश सुंडा सहित युवा साथियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि झुंझुनूं के युवाओं के विश्वास, एकजुटता और संघर्ष की जीत है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद गुर्जर ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाना, रोजगार और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देना तथा कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
मजदूर और युवाओं के मुद्दों को लेकर सक्रिय
धर्मेंद्र सिंह गुर्जर वर्तमान में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) यूथ झुंझुनूं के जिला अध्यक्ष हैं। साथ ही वे इंटक यूनियन, खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स के सलाहकार सदस्य भी हैं। वे मजदूरों, युवाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं, मजदूरों और आमजन को साथ लेकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे। उनका उद्देश्य पद हासिल करना नहीं, बल्कि जनसेवा और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना है।