एसबीएन कॉलेज में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। एसबीएन कॉलेज श्रीमाधोपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ सुरेश कुमार जाट एवं निदेशक डॉ मुकेश कुमार बल्डवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। एनएसएस प्रभारी राजेंद्र सिंह बिजारणियां ने कहा कि युवा शक्ति को नशे से बचाकर ही स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर इतिहास के सहायक आचार्य प्रहलाद सिंह बराला ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह वर्मा, श्रवण कुमार मेहला, जितेंद्र कुमार निठारवाल, कमलेश सैनी, बनवारी लाल जितरवाल, प्रवीण कुमार शर्मा, ज्योत्सना स्वामी, कृष्णा कुमारी बिजारणियां, एंटीमा शर्मा, ममता चौधरी एवं ज्योति चौधरी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने न नशा करेंगे, न करने देंगे के संकल्प के साथ नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।