ज्ञापन : जर्जर बिजली पोल हटाने व नए पोल लगाने की मांग

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नगर पालिका नोखा के वार्ड संख्या 26 में जर्जर एवं दुर्घटना की आशंका वाले विद्युत पोलों को हटाकर नए पोल लगाने की मांग को लेकर वार्ड पार्षद बसंती देवी सारस्वत ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्षद ने बताया कि विश्वकर्मा मंदिर के पास चौक में ट्रांसफॉर्मर पर लोहे का पोल लगा हुआ है तथा दूसरा विद्युत पोल चेनाराम की गली की ओर आगे लगा है। दोनों पोल लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और बारिश के दिनों में करंट फैलने अथवा पोल गिरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पार्षद ने बताया कि पोलों के बीच लगभग 9 मीटर की दूरी है। साथ ही हाई टेंशन लाइन होने के कारण तार भी नीचे झूल रहे हैं। ऐसे में आमजन की सुरक्षा को देखते हुए दोनों जर्जर पोल हटाकर नियमानुसार दूरी पर नए विद्युत पोल लगाने तथा विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। यदि समय रहते विद्युत पोलों को नहीं हटाया गया तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। पार्षद ने विद्युत विभाग से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

You might also like