पाइप लाइन में भ्रष्टाचार के आरोप, मौके पर न पाइप है और न घर में कनेक्शन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। जल जीवन मिशन की नहरी जल योजना के तहत करीब एक किमी ढाणी तक पाइप लाइन बिछाने व घरों में कनेक्शन दिखाए जाने के बावजूद आज तक कोई कनेक्शन या लाइन नहीं होकर सिर्फ कागजी खानापूर्ति कर सरकारी राशि का भारी गबन किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने जांच की मांग की है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के तत्वावधान में मंगलवार को आरएलपी नेता रामकरण रैवाड़ एवं लाडनूं के बीएलए 1 ज्ञानाराम महरिया के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ को ज्ञापन देकर ग्राम बाकलिया में जल जीवन मिशन के तहत बाकलिया से लेकर छपारा रोड, जाटों की ढाणी तक जो बाकलिया से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित है, इस ढाणी में कई महिनों पहले पानी की पाइप लाइन पास हुई थी, जिसका टेंडर भी जारी किया गया था। लेकिन कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत करके इस ढाणी में पाइप लाइन नहीं डाली गई। इस लाइन को केवल केवल दस्तावेजों में ही पाइप लाइन व नल कनेक्शन दर्ज कर दिये थे। ग्रामीणों ने बिना पाइप लाइन डाले ही कर्मचारियों एवं समिति द्वारा आपसी मिलीभगत कर पैसों का गबन कर लेने के बारे में बताया। यह मामला जल जीवन मिशन योजना के तहत 2023 का है, जिसकी जांच की जानी जरूरी है, ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लगे और ग्रामीणों को न्याय मिले। ज्ञापन में इस पाइप लाइन की जांच कर जांच समिति गठित कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करवाने की मांग की गई है। ज्ञापन पर रामकरण रैवाड़, राज कुमार, ज्ञानाराम महरिया, रमेश ठोलिया, सुरजाराम, ओमप्रकाश, जगदीश, पप्पू राम आदि ने हस्ताक्षर किए हैं।