जीवन विज्ञान दिवस पर बालिकाओं के लिए कार्यशाला आयोजित

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। अणुव्रत समिति नोखा द्वारा आयोजित अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतिम दिन जीवन विज्ञान दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर राजकीय चाचा नेहरू बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोखा में जीवन विज्ञान विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक अनुराग वैद, उपासक, तेरापंथ भवन, महावीर चौक ने छात्राओं को जीवन विज्ञान के विभिन्न आयामों की जानकारी देते हुए बताया कि जीवन विज्ञान केवल शिक्षा का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन जीने की कला है। अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने ध्यान, प्राणायाम, श्वास-प्रेक्षा तथा सकारात्मक चिंतन के माध्यम से एकाग्रता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के विभिन्न प्रयोग करवाए। अणुव्रत ऐसे छोटे-छोटे संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति नोखा के अध्यक्ष उपाध्यक्ष हंसराज भूरा तथा हरिकृष्ण शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जीवन विज्ञान जैसी गतिविधियां अत्यंत उपयोगी हैं। इससे विद्यार्थियों में मानसिक एकाग्रता, आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों का विकास होता है। कार्यशाला में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संयोजक दिनेश उपाध्याय ने बताया कि अणुव्रत समिति द्वारा आयोजित उद्बोधन सप्ताह के विभिन्न दिवसों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज में नैतिकता, अनुशासन, सद्भावना, नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन के सहभागी संस्थाओं श्री ओम इंग्लिश पब्लिक स्कूल, नामदेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जय तुलसी शिक्षण संस्थान, विवेकानंद एजुकेशनल एकेडमी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोड़ा एवं राजकीय चाचा नेहरू बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नोखा के प्रति कृतज्ञता एवं साधुवाद व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीवन विज्ञान प्रभारी सुनीता खीचड़ ने किया। आयोजन में लिखमाराम पटीर, टीना डेनियल, किरण बिश्नोई, बसंती, कंचन दर्जी, अश्वनी मोदी, नरेंद्र सोलंकी आदि सभी का सक्रिय सहयोग रहा।

You might also like