गुमानगिरी महाराज की पुण्यतिथि पर मैराथन, आर्यन सैनी रहे प्रथम

निसं
मुकुंदगढ़ (नवयत्न)। कुंभनाथ दरबार में संत गुमानगिरी महाराज की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की शुरुआत मैराथन दौड़ से हुई। कामाक्षा मां कामधेनु सेवा संस्थान ट्रस्ट की ओर से महंत डॉ. शैलेंद्र नाथ अघोरी के सानिध्य में आयोजित दौड़ में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। बाबा के सेवक रमेश कुमार ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव महेंद्र सिंह सोलंकी, भाजपा नेता डॉ. राजेश बाबल, सीआई गोपाल सिंह थालोर और राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ के सदस्य सुभाष योगी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। 7.3 किलोमीटर की दौड़ कुंभनाथ दरबार से शुरू होकर नगर पालिका, गोपीनाथजी मंदिर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस दरबार पहुंची।
आर्यन सैनी रहे प्रथम
मैराथन में आर्यन सैनी ने पहला, योगेश गुर्जर ने दूसरा और निखिल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमश: 11 हजार, 5100 और 2100 रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 11वें से 20वें स्थान तक रहे प्रतिभागियों को 500-500 रुपए दिए गए। वहीं सभी प्रतिभागियों को 101-101 रुपए और दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भास्कर दूलर, मुकेश बियाला, कमल बियाला, गोपी सैनी, मुकेश शर्मा जयपुर, सज्जन सैन और चंद्रपाल दूलर सहित बड़ी संख्या में बाबा के सेवक और श्रद्धालु मौजूद रहे।
आज होंगे धार्मिक कार्यक्रम
संत गुमानगिरी महाराज की पुण्यतिथि आज श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर महंत डॉ. शैलेंद्र नाथ अघोरी के सानिध्य में समाधि पूजन, भंडारा, संत सम्मान और संतों की विदाई सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

You might also like