बिसाऊ में 11 अक्टूबर से दुर्गा पूजा महोत्सव, 151 कलश के साथ निकलेगी यात्रा
विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। श्री बांके बिहारी मंदिर में 11 अक्टूबर से दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू होगा। रामायण प्रचार समिति की ओर से आयोजित महोत्सव की शुरुआत सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। समिति अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। कलश यात्रा सुबह सवा नौ बजे बजे श्री गंगा माई मंदिर से रवाना होकर श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचेगी। इसमें 151 कलश शामिल होंगे। सुबह 11:50 बजे मंदिर में घट स्थापना की जाएगी। कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं को चुनरी भेंट की जाएगी। आयोजन के मुख्य यजमान कैलाश स्वामी होंगे।
प्रतिदिन होगी भजन संध्या
महोत्सव के दौरान रामचरितमानस का अखंड पाठ होगा। सुबह 10 बजे आरती और रात 8:30 बजे रात्रि आरती की जाएगी। प्रतिदिन रात 10 से 12 बजे तक भजन संध्या होगी। इसमें रामू स्वामी, किशन स्वामी और सुनील शास्त्री भजनों की प्रस्तुति देंगे। 19 अक्टूबर को माता का विशेष जागरण होगा।
20 अक्टूबर को होगा मूर्ति विसर्जन
महोत्सव के अंतिम दिन 20 अक्टूबर को सुबह हवन और कन्या भोज होगा। इसके बाद शाम 4 बजे मां दुर्गा की मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की गई है।