बिसाऊ से गांगियासर रायमाता धाम तक 17 अक्टूबर को निकलेगी पैदल यात्रा
विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। बिसाऊ से गांगियासर स्थित रायमाता मंदिर तक 17 अक्टूबर को छठी भव्य पैदल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का आयोजन बिसाऊ निवासी सुरेश कुमार कनोडिया (डब्बू) की ओर से किया जा रहा है। श्री रायमाता प्रबंध समिति, गांगियासर के अनुसार यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आने-जाने के लिए 6 बसों की व्यवस्था की गई है। एनआरएम स्कूल की बसें सुबह 5 बजे गांगियासर स्थित रायमाता मंदिर से बिसाऊ के रामलीला मैदान तक पहुंचेंगी। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी रहेगी। यह व्यवस्था एनआरएम स्कूल के निदेशक मुरारीलाल जांगिड़ की ओर से की जाएगी। समिति ने श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने के लिए अपना नाम दर्ज करवाने की अपील की है।
18 से 20 अक्टूबर तक लगेगा मेला
रायमाता मंदिर परिसर में 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिवसीय मेले का आयोजन होगा। अष्टमी, नवमी और दशमी के अवसर पर होने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से पैदल यात्रा और मेले में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यात्रा के दौरान माता के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहेगा।