पंचायती राज चुनाव : 137 भावी प्रत्याशियों ने लिया प्रशिक्षण, नामांकन प्रक्रिया समझाई
अशोक राईका
झुंझुनू (नवयत्न)। पंचायती राज चुनाव में पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पद के लिए चुनाव लडऩे के इच्छुक 137 लोगों ने शनिवार को जिला स्तरीय प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला में भाग लिया। सूचना केंद्र सभागार में आयोजित कार्यशाला में प्रत्याशियों को नामांकन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और निर्वाचन संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। जिले की संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर भी कार्यशालाएं आयोजित की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य चुनाव लडऩे के इच्छुक लोगों को नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन नियमों से अवगत कराना था, ताकि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकें।
फॉर्म भरते समय सावधानी बरतने की सलाह
जिला स्तरीय कार्यशाला में डीएलएमटी सुरेंद्र डूडी ने नामांकन पत्र भरने के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नामांकन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां सही तरीके से भरना और आवश्यक प्रविष्टियों की जांच करना जरूरी है। इसके साथ ही नामांकन पत्र के साथ जमा होने वाले दस्तावेजों, घोषणा-पत्र और शपथ-पत्र के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान नामांकन फॉर्म भरते समय होने वाली संभावित गलतियों, दस्तावेजों की कमी और जरूरी औपचारिकताओं पर चर्चा की गई। प्रत्याशियों को सलाह दी गई कि नामांकन जमा करने से पहले फॉर्म में दर्ज विवरणों और संलग्न दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि किसी त्रुटि के कारण परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
अधिकारियों ने किया शंकाओं का समाधान
कार्यशाला के दौरान झुंझुनूं उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह और आरएएस शिवा चौधरी ने प्रत्याशियों के सवालों के जवाब दिए और नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने निर्वाचन संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करने की बात कही। कार्यशाला में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास सहित 137 भावी प्रत्याशियों ने भाग लिया।