जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजलदेसर में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता छात्रा (17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग) के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साह, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान 3 किलोमीटर दौड़, 100 मीटर फाइनल, गोला फेंक, ट्रिपल जंप, 400 मीटर सेमीफाइनल तथा हैमर थ्रो की स्पर्धाएं आयोजित की गई। वहीं दोपहर बाद 400 मीटर फाइनल, 100 मीटर बाधा दौड़ का ट्रायल एवं फाइनल, 1500 मीटर दौड़ तथा 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ की स्पर्धाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देना है। उल्लेखनीय है कि 70वीं जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 12 अक्टूबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।