पंचायत चुनाव : प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया और आचार संहिता की दी जानकारी

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर पंचायत समिति नोखा क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए शनिवार को उपखंड कार्यालय में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित की गई। उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज एवं तहसीलदार सुनीता चारण के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं क्षेत्रीय पार्टियों के प्रत्याशियों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया, कानूनी प्रावधानों एवं चुनाव संबंधी नियमों की जानकारी देकर चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न करवाना था। कार्यशाला में बीएलएमटी प्रेम प्रकाश ने प्रत्याशियों को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रावधानों, चुनाव प्रचार में व्यय की निर्धारित सीमा तथा निर्वाचन अभिकर्ताओं एजेंटों की सूची सहित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने एवं चुनाव संबंधी दायित्वों के प्रति सजग रहने का मार्गदर्शन दिया। उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज ने निर्वाचन नियमों एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रत्याशियों को नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार सुनीता चारण ने आदर्श आचार संहिता से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत व्याख्या करते हुए प्रत्याशियों को चुनाव के दौरान निर्धारित आचरण बनाए रखने की जानकारी दी। इस अवसर पर बीएलएमटी श्याम सुंदर चौधरी सहित प्रेम प्रकाश, कमल कोठारी, पूनम सिंह सियाग, रामजीवन शर्मा एवं दिनेश भार्गव उपस्थित रहे। कार्यशाला में पंचायत समिति नोखा क्षेत्र के आगामी चुनावों में भाग लेने वाले प्रत्याशियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यशाला में निर्वाचन प्रक्रिया के नियमों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर प्रत्याशियों को जिम्मेदारीपूर्वक चुनाव में भाग लेने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने का संदेश दिया गया।

You might also like