बिसाऊ के मुख्य बाजार में जाम से आमजन परेशान, बैंकों के सामने बेतरतीब पार्किंग बनी मुसीबत

विनोद प्रजापति
बिसाऊ (नवयत्न)। कस्बे के मुख्य बाजार में बिगड़ती यातायात व्यवस्था से आमजन परेशान हैं। बाजार में बैंकों के सामने बेतरतीब खड़े वाहन और ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती नहीं होने से आए दिन जाम के हालात बन रहे हैं। इससे वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार में आसपास स्थित तीन प्रमुख बैंकों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग लेन-देन के लिए पहुंचते हैं। कई वाहन चालक अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं। इससे सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए जगह कम बचती है और आमने-सामने से आने वाले वाहनों के कारण जाम लग जाता है।
स्कूलों की छुट्टी के समय बढ़ती है परेशानी
दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय बाजार में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में स्कूल बसें और वैन भी जाम में फंस जाती हैं। इससे बच्चों को परेशानी होती है, वहीं अन्य वाहन चालकों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है।
त्योहारों पर बढ़ सकती है समस्या
आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारी के लिए आसपास के गांवों से भी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू रखना जरूरी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो त्योहारों के दौरान जाम की समस्या और बढ़ सकती है।
पुलिस तैनाती और गलत पार्किंग पर कार्रवाई की मांग
कस्बेवासियों और व्यापारियों ने पुलिस एवं प्रशासन से मुख्य बाजार और बैंक क्षेत्र में यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती करने, गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और स्कूलों की छुट्टी के समय विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी और पार्किंग व्यवस्था में सुधार से जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।

You might also like