मोबाइल-जंक फूड से दूरी, हंसी को बनाएं जिंदगी का हिस्सा

संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। नवरात्र के अवसर पर स्त्री शक्ति महिला संस्थान की ओर से चलाए जा रहे नौ दिवसीय सामाजिक सरोकार कार्यक्रमों के तहत मंगलवार को राजकीय जेके मोदी बालिका विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें डॉ. पल्लवी चौधरी, डॉ. प्रियंका बुडानिया और डॉ. तनुश्री ने बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। डॉ. पल्लवी चौधरी ने छात्राओं को जंक फूड से दूरी बनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया का अनावश्यक इस्तेमाल कम कर पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए समय निकालने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खुलकर हंसने और खुश रहने से तनाव कम करने में मदद मिलती है। जापान में हुए एक अध्ययन का उदाहरण देते हुए उन्होंने हंसी और हृदय स्वास्थ्य के संबंध की जानकारी दी।
पीरियड्स और पीसीओडी पर खुलकर बात करें
डॉ. प्रियंका बुडानिया ने पीरियड्स और पीसीओडी से जुड़ी समस्याओं पर जानकारी देते हुए छात्राओं को माता-पिता से खुलकर बात करने और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी। डॉ. तनुश्री ने दांतों और मुंह की सफाई का महत्व बताया। छात्राओं को नियमित स्नान, हाथों की सफाई और व्यक्तिगत वस्तुएं साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही वजन, लंबाई और आंखों की नियमित जांच, समय पर टीकाकरण तथा एचपीवी वैक्सीन के बारे में जानकारी लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में संस्थान की ओर से छात्राओं को ऑर्गेनिक सैनिटरी पैड के पैकेट भी वितरित किए गए। इस दौरान डॉ. शशि मरोलिया, सुमन मील, रविता चौधरी, सुनीता चौधरी, ज्योति मांजू, सुलक्षणा राठौड़, सरोज बड़ाऊ और सुमन कंवर सहित विद्यालय की प्रिंसिपल सुलोचना बुडानिया, शिक्षक एवं संस्थान के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन में मंजू कुमावत और शाहीन खान ने सहयोग किया।
आज पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता
संस्थान की ललित राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम के चौथे दिन बुधवार, 14 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजकीय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 15 अक्टूबर को गोद लेने से संबंधित गतिविधि, 16 को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, 17 को हेलमेट वितरण, 18 को उपहार वितरण और 19 अक्टूबर को कन्या प्रसाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

You might also like