एनएफएसए योजना में अपात्र लाभार्थियों से होगी वसूली, घर-घर सर्वे जारी
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना की पात्रता जांचने के लिए शहरी क्षेत्रों में घर-घर सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 835 लाभार्थियों का सर्वे किया गया, जिनमें 16 अपात्र पाए गए हैं। मंगलवार को जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ के नेतृत्व में प्रवर्तन अधिकारी अनामिका और रामावतार भैड़ा ने मंडेला के वार्ड नंबर 5 में 40 परिवारों से संपर्क कर पात्रता की जांच की। वहीं, बुहाना में प्रवर्तन निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने सर्वे किया। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि अपात्र लाभार्थियों को स्वेच्छा से योजना से नाम हटवाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर नोटिस जारी कर वसूली की कार्रवाई की जाएगी। सर्वे के दौरान योजना के पात्र, लेकिन सूची से बाहर परिवारों की भी पहचान की जा रही है, ताकि उन्हें योजना में शामिल किया जा सके। अभियान का उद्देश्य वास्तविक पात्र परिवारों तक खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पहुंचाना और अपात्रों को सूची से हटाना है।