अयोध्या लौटे श्रीराम का हुआ राजतिलक, पुष्पवर्षा से किया अभिनंदन

संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। श्री रामलीला परिषद गांधी चौक की ओर से आयोजित रामलीला में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राजतिलक का भव्य मंचन किया गया। श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने का समाचार मिलते ही नगरवासी खुशी से झूम उठे और अयोध्या को सजाने में जुट गए। भाई भरत और शत्रुघ्न ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गुरु वशिष्ठ ने विधि-विधान से श्रीराम का राजतिलक किया। राजतिलक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा नेता निषित कुमार (बबलू चौधरी) एवं श्रीमती गिन्नीदेवी राधावल्लभजी खेतान चेरिटेबल ट्रस्ट के परमेश्वर हलवाई ने श्रीराम का तिलक कर पुष्पहार पहनाया। इस दौरान रामलीला पार्क में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम का अभिनंदन किया। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्री रामलीला परिषद के अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, सचिव दिनेश शर्मा, डॉ डीएन तुलस्यान, अशोक केडिया, संयोजक संजय सैनी, सम्पत पुरोहित, एडवोकेट अनुपम शर्मा, अशोक शर्मा एवं श्रवण गोयनका ने रामलीला के कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं स्वर्गीय सुधाकर शर्मा की स्मृति में उनके पुत्र एडवोकेट अनुपम शर्मा की ओर से राजतिलक समारोह के दौरान प्रश्नमंच का आयोजन किया गया। इसमें रामायण से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले रामभक्तों को पुरस्कृत किया गया। राजतिलक के भावपूर्ण प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और रामलीला का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

You might also like