संत-महात्माओं के सान्निध्य में सी एल टावर का हुआ शुभारंभ
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। अजीतगढ़ कस्बे के न्यू मार्केट में पंजाब नेशनल बैंक के पास सी एल टावर प्रतिष्ठान का भव्य शुभारंभ धार्मिक उल्लास एवं श्रद्धामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। त्रिवेणी खोजी पीठ के खोजीद्वाराचार्य रामरिछपाल दास महाराज ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संत-महात्माओं के सान्निध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और धर्म के प्रति समर्पण का भाव दिखाई दिया। उद्घाटन समारोह के दौरान रामरिछपालदास महाराज ने उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए गौसेवा, परिश्रम और धार्मिक कार्यों में सहभागिता निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन गौमाता की सेवा करनी चाहिए तथा सुबह शाम एक एक रोटी खिलाकर पुण्य कार्य में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ कार्य करना चाहिए। महाराज ने धार्मिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। अपनी मेहनत की कमाई में से कुछ राशि धर्म-कर्म एवं सामाजिक धार्मिक आयोजनों के लिए भी खर्च करनी चाहिए। उनके प्रेरणादायी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और संस्कारों के मार्ग पर चलने की सीख मिली। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने महाराजश्री की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर धार्मिक प्रेमी गौरीशंकर हरितवाल, पवन कुमार हरितवाल एवं शिवरतन नरेड़ी के नेतृत्व में संत महात्माओं का शॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर स्वागत अभिनन्दन सम्मान किया गया। सम्मानित संतों में त्रिवेणी धाम के संत रामरिछपालदास महाराज, अन्तर्राष्ट्रीय कथावाचक सुदर्शनदास महाराज, कौशल्या दास मंदिर के संत रामानुग्रहदास महाराज तथा रामशरणदास महाराज शामिल रहे। संतों के सम्मान के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।सी एल टावर के शुभारंभ समारोह में अजीतगढ़ नगरपालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमावत, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि किशन योगी, पार्षद शेर सिंह चौधरी, पार्षद राजेन्द्र सैनी, मोहनलाल बुनकर, पार्षद अख्तर खान, श्रीकृष्ण गौशाला अध्यक्ष चैतन्य मीणा तथा प्रकाश नोताका सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। संत महात्माओं के आशीर्वाद और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच सम्पन्न हुआ यह शुभारंभ समारोह क्षेत्र में आस्था, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाला रहा।