पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बागड़ी शिव मंदिर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में राजस्थान भाजपा प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजीव भाटिया ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत हासिल करने का मंत्र देते हुए पंचायत समिति और जिला परिषद के प्रत्याशियों को एकजुट होकर विजयी बनाने का आह्वान किया। सांसद संजीव भाटिया ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं और पार्टी को उन पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और पूर्व में चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों को भी साथ जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बिहारीलाल बिश्नोई ने रखी कार्यकर्ताओं की भावना
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं से पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया। उन्होंने संगठन की मजबूती और चुनावों में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सम्मेलन में जिला परिषद के लिए घोषित भाजपा प्रत्याशी भी मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर संगठन की रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
नोखा, पांचू और जसरासर क्षेत्र से जुटे कार्यकर्ता
सम्मेलन में मिथिलेश गौतम, भाजपा जिला देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, नोखा भाजपा शहर अध्यक्ष गंगाराम पारीक, रामलाल खुड़िया, श्याम गोपाल सोमलसर, निर्मल भूरा, आसकरण भट्टड़, मस्ताना राम, मांगू सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में नोखा, पांचू और जसरासर क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।