मोटर गैराज के ताले तोड़कर चोरी, एक लाख से अधिक की नकदी और कीमती सामान ले उड़े चोर
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा शहर के व्यस्ततम तहसील रोड क्षेत्र में चोरों ने एक मोटर गैराज को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रायसर रोड रेलवे फाटक के समीप स्थित भारत मोटर गैराज में बुधवार रात अज्ञात चोर शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह घटना का पता चलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
इंजन ऑयल की बाल्टियां और स्पेयर पार्ट्स चोरी
जानकारी के अनुसार, चोर गैराज में रखी महंगी इंजन ऑयल की बाल्टियां, स्पेयर पार्ट्स और अन्य कीमती सामान एक वाहन में भरकर ले गए। गैराज मालिक के मुताबिक, दुकान में रखी करीब एक लाख रुपये से अधिक की नकदी भी गायब है। सुबह जब मालिक दुकान पहुंचा तो शटर के ताले टूटे हुए मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाले
घटना की सूचना मिलने पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्यापारियों ने जताया आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय पार्षद चैनाराम रैगर भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। व्यापारियों ने तहसील रोड जैसे व्यस्त क्षेत्र में चोरी की वारदात पर चिंता जताते हुए रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में रेलवे पुल निर्माण के कारण आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष है और वे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।