टिड्डी दल ने बरपाया कहर

एक दर्जन के करीब गांवों में फसलों को किया चौपट

खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)20 मई। टिड्डी दल ने मंगलवार दोपहर बाद खेतड़ी क्षेत्र का रुख कर लिया जिससे एक दर्जन के करीब गांव में उन्होंने फसल चौपट कर दी और टिड्डी दल का यह कहर बुधवार भी जारी रहा जिससे किसानों का बुरा हाल हो गया।

क्षेत्र के लूना की ढाणी मानोता, ढाणी ऊर्जन वाला, तातीजा, लोयल, श्रीसरदारपुरा, जसरापुर, टीलावाली, बीलवा सहित करीब एक दर्जन गांव में टिड्डी दल का कहर देखा गया जिससे किसानों की मिर्ची, टमाटर, बैंगन आदि की फसल का नुकसान हो गया तथा टिड्डी दल के पेड़ों पर बैठने से कई पेड़ों का भी हाल बेहाल हो गया। ग्रामीणों ने टिड्डी दल को भगाने के लिए ढोल, पीपे व ट्रम बजाए।

मंगलवार रात्रि को टिड्डी नियंत्रण दल जैसलमेर से खेतड़ी पहुंचा और टिड्डी दल को भगाने के लिए दवा का छिड़काव किया और सीकर जिले के अधिकारियों को सूचित किया। बुधवार को प्रात: 4 बजे से ही टिड्डी दल पर 8 ट्रेक्टरों की सहायता से दवा का छिड़काव शुरु किया। उप निदेशक कृषि विस्तार झुंझुनूं डॉ राजेन्द्र लाम्बा व सहायक निदेशक डॉ मोहनलाल दादरवाल ने बताया कि खेतड़ी क्षेत्र में लगभग 5 किमी लम्बा तथा 2 किमी चौड़ा टिड्डी दल आ गया था। दल ने मानोता जाटान में प्रवेश किया था विभाग इसको लेकर अलर्ट था। विभाग की टीमों ने प्रात:4 बजे से ही इन पर स्प्रे से छिड़काव किया परन्तु पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण छिडक़ाव में बाधा रही है। केवल लूणा की ढाणी के खेतो में पेड़ो पर बैठी ही टिड्डियों पर छिड़काव हो सका है। प्रात: यह दल पपुरना, गाडराटा, बबाई होते हुए सीकर जिला सीमा में प्रवेश कर गया।

You might also like