तेज रफ्तार कैंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, एक युवक की मौत

निसं
चूरू (नवयत्न)। जिले के सादुलपुर में तारानगर पुलिया के नजदीक शुक्रवार को तेज रफ्तार कैंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का मौका निरीक्षण किया। इस संबंध में जांच कर रहे एएसआई विक्रम सिंह ने बताया की हनुमानगढ़ जिले की भादरा तहसील के गांव उत्तरादाबास निवासी शिवभगवान सिंह ने मामला दर्ज करवाकर बताया कि 18 अक्टूबर को उनके गांव से एक संघ सालासर धाम की पैदल यात्रा पर रवाना हुआ था। यात्रा का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखा हुआ था। शुक्रवार 23 अक्टूबर को सालासर धाम के दर्शन कर सभी लोग वापस लौट रहे थे। दर्ज मामले में बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सामान के साथ उनका चचेरा भाई राजवेंद्र और भतीजा नरेश भी सवार थे, जबकि परिवादी ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच जब वे सादुलपुर बाइपास पर तारानगर पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कैंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और राजवेंद्र सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दर्ज मामले में लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मर्तक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You might also like