एटीएम कैश वैन लूट का फरार 10 हजार रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा के पांचू थाना क्षेत्र में एटीएम कैश वैन लूट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी मनीष कुम्हार को गिरफ्तार किया है। आरोपी नागौर जिले के पांचौड़ी थाना क्षेत्र के देऊ गांव का निवासी है। पुलिस टीम उससे मामले के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, गत 5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में साधुना से सारुडा जाने वाले सड़क मार्ग पर दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई थी। हथियारों की नोक पर बदमाशों ने एटीएम कैश वाहन को रुकवाकर 50 लाख रुपए से अधिक की नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
दो दिन बाद बरामद हुई थी 46 लाख रुपए की राशि
लूट की वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने 46 लाख रुपए बरामद किए थे। मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
सीआई के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई
मामले की जांच सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में की जा रही है। कार्रवाई में एएसआई संतोष नाथ, पप्पू लाल, हेड कांस्टेबल राधाकृष्ण, कांस्टेबल धनाराम, रामेश्वर और लीलाराम सहित डीएसटी जोधपुर के श्रवण कुमार, मदनलाल, मुकन सिंह, सोहनराम और हरेंद्र शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।