रेसला: डीईओं-एडीईओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग

प्रदेशाध्यक्ष गुर्जर ने सौंपा निदेशक माध्यमिक शिक्षा के नाम ज्ञापन

चूरू,(पीयूष शर्मा)20 मई। रेसला के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भंवरलाल गुर्जर के नेतृत्व में कलक्टर संदेश नायक को निदेशक माध्यमिक शिक्षा के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पदाधिकारियों ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा से जिला शिक्षा अधिकारी संपतराम बारूपाल व एडीईओं सांवरमल गहनोलिया के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर उन्हें अन्यत्र पदस्थापित करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में शामिल संगठन के जिलाध्यक्ष रामकुमार खीचड़ ने कलक्टर को अवगत करवाया कि चूरू जिले में सभी संवर्गो के अधिकारी-कर्मचारियों समेत कुल सात हजार 663 कार्मिक शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। जिले में 1310 व्याख्याता कार्यरत हैं। माध्यमिक स्कलों के प्रधानाध्यापक मात्र 135 हैं। गत 18 मई 2020 को जिला शिक्षा अधिकारी ने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर व्याख्याताओं की पदौन्नति के अनुपात परिवर्तन का विरोध किया। उन्होंने मीडिया में वक्तव्य जारी कर अपने अधीनस्थ कार्मिकों के लिए भेदभावपूर्ण टिप्पणी की। इसके अलावा सरकार को राजकोष पर अनावश्यक वित्तीय भार का आभासी और बेबुनियाद तथ्य देकर भ्रमित करने का कुत्सित कृत्य कर मीडिया में प्रचारित किया।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी पूरे जिले का तथा सम्पूर्ण शिक्षा कर्मचारी/अधिकारियों का नियंत्रण अधिकारी होता है। इस प्रकार से एक वर्ग विशेष का पक्ष लेकर इन्होंने अपने पद की गरिमा के विपरीत कृत्य किया है। ज्ञापन देने वालों में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष गुर्जर, जिलाध्यक्ष खीचड़, राधेश्याम मीणा, रमेश पूनियां, भगवानाराम सहारण व गोपीराम खीचड़ आदि शामिल थे।

You might also like