एडीजे कोर्ट के आदेश पर चला नगरपालिका का पीला पंजा

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर कस्बे में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एडीजे कोर्ट के आदेश के बाद नगरपालिका टीम ने गुरुवार को साहवा सर्किल स्थित कोर्ट परिसर के आसपास वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोर्ट परिसर की दीवार से सटाकर अतिक्रमणकारियों ने पक्के निर्माण व अस्थाई स्ट्रक्चर बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था। इससे कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और आवाजाही में परेशानी हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीजे कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए थे। आदेशों की पालना में अधिशाषी अधिकारी अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगरपालिका टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाकर कोर्ट परिसर को अतिक्रमण मुक्त किया। ईओ ने दी चेतावनी – दोबारा किया तो होगी सख्त कार्रवाई
अधिशाषी अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि कोर्ट परिसर के आसपास की जगह को पूरी तरह से खाली करवा दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति इस जगह पर दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान सहायक प्रशासनिक अधिकारी लखुसिंह शेखावत, सफाई निरीक्षक त्रिशूल भाटी, भूमि शाखा प्रभारी शक्तिसिंह सहित नगरपालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

You might also like