चिकित्सकों ने बिना ऑपन हार्ट सर्जरी कर बदला खराब मिट्रल वॉल्व
निसं
जयपुर (नवयत्न)। मणिपाल अस्पताल में पहली बार ट्रांसकैथेटर मिट्रल वॉल्व रिप्लेसमेंट तकनीक से 70 वर्षीय मरीज का खराब मिट्रल वॉल्व बदला गया। बिना ओपन हार्ट सर्जरी की गई इस प्रक्रिया के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कंसल्टेंट कार्डियोलॉजी डॉ हिमांशु गुप्ता के अनुसार मरीज की वर्ष 2016 में ओपन हार्ट सर्जरी के जरिए मिट्रल वॉल्व बदला गया था। कई वर्षों बाद वॉल्व में गंभीर खराबी आ गई, जिससे उसे बार-बार हार्ट फेलियर और सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ने पर मरीज को वेंटिलेटर पर भी रखना पड़ा। अधिक उम्र और पहले हो चुकी सर्जरी के कारण दोबारा ओपन हार्ट सर्जरी करना जोखिम भरा था। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए कैथेटर आधारित उपचार का निर्णय लिया। टीएमवीआर प्रक्रिया में छाती को खोले बिना कैथेटर की मदद से नया वॉल्व लगाया जाता है। इस मरीज में भी पुराने खराब वॉल्व की जगह नया वॉल्व प्रत्यारोपित किया गया। डॉ हिमांशु गुप्ता ने बताया कि टीएमवीआर उन मरीजों के लिए उपयोगी विकल्प है, जिनके लिए दोबारा ओपन हार्ट सर्जरी करना अधिक जोखिम भरा हो सकता है। इस तकनीक में बड़े चीरे की जरूरत नहीं पड़ती और मरीज को जल्द स्वस्थ होने का अवसर मिलता है। अस्पताल के अनुसार इस प्रक्रिया से राजस्थान और आसपास के राज्यों के ऐसे मरीजों को जटिल हृदय उपचार की सुविधा मिल सकेगी, जिन्हें पहले अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों का रुख करना पड़ता था।