जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी : शव के पास पेड़ पर बंधा मिला रस्सी का फंदा
निसं
जयपुर (नवयत्न)। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के 17 नंबर स्थित जंगल में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही एक पेड़ पर रस्सी का फंदा बंधा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। थानाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जंगल के भीतर करीब एक किलोमीटर दूर युवक का शव मिला। मृतक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। शव के पास पेड़ पर रस्सी का फंदा भी बंधा हुआ था।
पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने के साथ परिजनों की तलाश में जुटी है। मामले में आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।