सरस्वती संस्कार केंद्र का वार्षिक उत्सव मनाया

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। कस्बे की मंजुला सराफ आदर्श विद्या मंदिर, राजलदेसर की ओर से संचालित महाराणा प्रताप सरस्वती संस्कार केंद्र का वार्षिक उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर संस्कार केंद्र दर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड पार्षद अनिल दाधीच के मुख्य आतिथ्य, विद्यालय समिति अध्यक्ष धनराज सैन, विशिष्ट अतिथि पूर्व सरपंच गिरधारीसिंह राठौड़, संपतराम ढोली तथा मुख्य वक्ता जिला संस्कार केंद्र प्रमुख ओमप्रकाश मील के सान्निध्य में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। केंद्र के भैया-बहनों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। मुख्य वक्ता ओमप्रकाश मील ने संस्कार केंद्र के सेवा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जो बालक विद्यालय नहीं जा पाते अथवा शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान करने के उद्देश्य से विद्या भारती द्वारा यह प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर समाज के सहयोग से भी इन केंद्रों का संचालन किया जाता है तथा समाज के लोग इसमें आगे बढ़कर सहयोग करते हैं। मुख्य अतिथि अनिल दाधीच ने केंद्र के सभी बच्चों को पुरस्कृत किया। प्रधानाचार्य श्रीकृष्ण स्वामी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। पूर्व सरपंच गिरधारीसिंह की ओर से बच्चों एवं आगंतुकों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर तारा दर्जी, मीनाक्षी मारू, द्रौपदी पारीक, अनिता शर्मा, सुषमा सैनी, ऋषिका दाधीच, शिल्पा मारू, बजरंग सिंह भाटी, रामनारायण मारू, काशीराम स्वामी, रामचंद्र सुथार, अजय राव सहित केंद्र चालिका संगीता परिहार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ममता स्वामी एवं गुंजन पारीक ने किया।

You might also like