ऑपरेशन नीलकंठ : नोखा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नोखा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था, जबकि दूसरा मादक पदार्थों की सप्लाई के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मादक पदार्थों के वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा नोखा वृत्ताधिकारी जर्नेल सिंह के निकट सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
तीन साल से फरार सहीराम बिश्नोई गिरफ्तार
थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने बताया कि प्रकरण संख्या 213/2023, धारा 8/15, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट, पुलिस थाना पांचू में फरार चल रहे आरोपी सहीराम डारा पुत्र बाबूलाल, निवासी विष्णु नगर, पुलिस थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि 3 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन थानाधिकारी पांचू उप निरीक्षक सुभाषचन्द्र ने जयसिंहदेसर मगरा से मुंजासर जाने वाली सड़क पर एक टैंकर को रुकवाकर चेक किया था। टैंकर नंबर आरजे 19 जीबी 8051 में 14 क्विंटल 8 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद किया गया था। इस दौरान मौके से आरोपी मुकेश केलाश को गिरफ्तार किया गया था, जबकि साहिराम बिश्नोई मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
19 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त मामले में सप्लायर गिरफ्तार
इसी प्रकार 8 अगस्त 2026 को पुलिस थाना पांचू द्वारा भारतमाला सड़क पर रोही सरय पांचू में आरोपी हीराराम पुत्र मोहनराम, निवासी सरह पांचू के कब्जे से 19 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद किया गया था। इस संबंध में प्रकरण संख्या 227/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि मादक पदार्थ की सप्लाई आरोपी घनश्याम मेघवाल पुत्र पन्नालाल, निवासी कक्कू, पुलिस थाना पांचू, जिला बीकानेर द्वारा की गई थी। आरोपी ट्रक चालक के रूप में काम करता था और लगातार फरार चल रहा था। दीपावली त्योहार को देखते हुए उसकी मौजूदगी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिलने पर नोखा पुलिस ने उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से मादक पदार्थों के संबंध में अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण, उप निरीक्षक कुशलाराम, बलवान सिंह, तेजाराम कानी एवं रामस्वरूप बिश्नोई शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी में कांस्टेबल तेजाराम कानी, पुलिस थाना नोखा की विशेष भूमिका रही।