परिजनों के विरोध से नाराज युवती ने जहर पीया : शिकायत लेकर पहुंची थाने

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जवाहर सर्किल थाने में सोमवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती जहर पीकर शिकायत दर्ज करवाने पहुंच गई। युवती ने पुलिसकर्मियों को जहर पीने की जानकारी दी तो उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से उसे जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती को एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार युवती एक युवक से बातचीत करती है, जिसका उसके परिजन विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जवाहर सर्किल थाने पहुंचने से पहले युवती ने परिजनों को वीडियो कॉल किया और उनके सामने ही जहर पी लिया। इसके बाद वह शिकायत देने के लिए थाने पहुंच गई।
युवती की हालत बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि युवती ने वीडियो कॉल के दौरान उनके सामने ही जहर पीने की बात कही थी।
पुलिस को युवती के बैग से जहर की बोतल भी मिली है। फिलहाल एसएमएस अस्पताल में उसका उपचार जारी है। तबीयत में सुधार होने के बाद पुलिस युवती के बयान दर्ज करेगी। इसके बाद ही पूरे घटनाक्रम और विवाद के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You might also like