सड़क दुर्घटना में दो दिन पहले मौत, आज फिर हादसा . . . आखिर कब जागेगा प्रशासन ?

निसं
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। श्रीमाधोपुर-रींगस स्टेट हाईवे पर ओवरब्रिज पुलिया के पास हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को बाइक और कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार 28 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। लगातार हादसों से नाराज स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा और उन्होंने हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। हादसे में घायल बाइक सवार की पहचान जितेंद्र सामोता पुत्र सुभाष चंद्र, उम्र 28 वर्ष, निवासी पटवारीकाबास के रूप में हुई। बाइक और कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से निकल गया, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जालपाली मोड़ से अंडरपास पुलिया तक सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। ठेकेदार ने काम बंद कर रखा है, लेकिन सड़क पर न तो व्यवस्थित डायवर्जन बनाया गया है और न ही चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। ऐसे में वाहन चालक तेज गति से निकलते हैं और निर्माणाधीन मार्ग पर अचानक आमने सामने आने से हादसे हो रहे हैं।

लोगों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। आक्रोशित लोगों ने बताया कि महज दो दिन पहले इसी स्थान पर सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इससे पहले भी यहां आधा दर्जन से अधिक हादसे होने की बात सामने आई है। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं होने और सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर लोगों ने ठेकेदार एवं प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। हादसे के बाद लोगों ने हाईवे जाम कर विरोध जताया। करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों से समझाइश की, लेकिन लोगों की नाराजगी के चलते काफी देर तक जाम नहीं खुला। करीब पौन घंटे बाद समझाइश के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। लोगों ने मांग की कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाया जाए, मौके पर सुरक्षित डायवर्जन और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लग सके। लोगों का कहना है कि जब एक ही स्थान पर बार-बार हादसे हो रहे हैं और दो दिन पहले जान भी जा चुकी है, तो अब जिम्मेदार विभाग की चुप्पी भारी पड़ रही है।

You might also like