बागोरा की सड़कों की समस्या को लेकर जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सुमेर मीणा
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत बागोरा की सड़कों की बदहाल स्थिति एवं सड़क निर्माण की मांग को लेकर पंकज सैनी बागोरा के नेतृत्व में झुंझुनूं जिला कलेक्टर अरुण गर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से ग्राम पंचायत बागोरा के भेरू घाट से परसाला की ढाणी, डूंगर की ढाणी तथा घांघला की ढाणी से परमाला कुआं होते हुए गिरावड़ी गांव तक सड़क निर्माण एवं विकास कार्य करवाने को लेकर ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में लिखा है कि इन मार्गों से ग्रामीणों का प्रतिदिन आवागमन होता है। सड़कों की समस्या के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की सुविधा, आवागमन को सुगम बनाने और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए इन सड़कों का निर्माण करवाना बेहद आवश्यक है। पंकज सैनी बागोरा ने जिला प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों की इस महत्वपूर्ण समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम पंचायत बागोरा के ग्रामीणों को राहत मिल सके। ज्ञापन में आगे लिखा है कि बागोरा की जनता के हक, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जनता की समस्याओं की सुनवाई करवाना ही हमारा लक्ष्य है।

You might also like