मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के नियमों में बदलाव, बैंक खाता और एलपीजी आईडी की मैपिंग अनिवार्य

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। जिला रसद अधिकारी कपिल झाझड़िया ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, जयपुर ने मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के नियमों में बदलाव करते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। नए नियमों के अनुसार, यदि परिवार के मुखिया का बैंक खाता बदल गया है तो नए बैंक खाते की जानकारी जन आधार एवं एलपीजी सब्सिडी पोर्टल दोनों पर अपडेट करवाना अनिवार्य होगा। उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट पर जाकर अथवा नजदीकी राशन डीलर के माध्यम से जन आधार और एलपीजी आईडी की मैपिंग करवा सकते हैं। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 803176 उपभोक्ता हैं, जिनमें खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े 398366 परिवार शामिल हैं। जिले में अब तक 68.65 प्रतिशत उपभोक्ताओं की एलपीजी आईडी मैपिंग की जा चुकी है। उन्होंने शेष लाभार्थियों से अपील की है कि मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए जल्द से जल्द बैंक खाता अपडेट करवाएं तथा जन आधार एवं एलपीजी आईडी की मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करवाना सुनिश्चित करें।

You might also like