लाठी-सरियों से मारपीट कर वायरल कर दिया वीडियो
गंभीर घायल पीडि़त को पुलिस ने करवाया चूरू अस्पताल में भर्ती
चूरू,(पीयूष शर्मा)21 मई। सरदारशहर तहसील के गांव फोगां में एक ही परिवार के लोगों ने लाठी-सरियों से मारपीट कर एक जने को गंभीर घायल कर दिया।
पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में चूरू के राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल में भर्ती करवाकर उसका उपचार शुरू करवाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची भालेरी पुलिस के मुताबिक गांव फोगां निवासी दुदाराम अपने घर पर सामान लेकर पहुंचा था। यहां लालचंद व अशोक उसके साथ मिलकर गाड़ी से सामान उतार रहे थे। इस दौरान पड़ौसी आरोपी आसाराम, उसके पुत्र, पत्नी व एक अन्य व्यक्ति ने तीनों पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराए अशोक व दुदाराम मौके से भाग गए। मगर आरोपी लालचंद को घसीटकर घर के अंदर ले गए और बेरहमी से मारपीट कर उसका मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मौके से भागे दुदाराम व अशोक की सूचना पर मौके पर पहुंची भालेरी पुलिस ने आसाराम के घर के कमरे में गंभीर घायल हालत में पड़े लालचंद को चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल में भर्ती करवाकर उसका उपचार शुरू करवाया। पुलिस ने पीडि़तों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी आसाराम, उसकी पत्नी, पुत्र व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर तलाश शुरू की है।