कोरोना वायरस ने बिगाड़ा 2020 का मूवी कैलेंडर

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की वजह से साल 2020 का मूवी कैलेंडर पूरी तरह पटरी से उतर गया है। मार्च से लेकर अब तक कई अहम फ़िल्मों की रिलीज़ टाली जा चुकी है। अब ख़बर आ रही है कि अजय देवगन की भुज- द प्राइड ऑफ़ इंडिया की रिलीज़ आगे खिसक सकती है। यह फ़िल्म पहले स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर रिलीज़ होने वाली थी।

मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स फ़िल्म को इसी साल दिसम्बर में विजय दिवस (16 दिसम्बर) को रिलीज़ करने की योजना बना रहे हैं। यह 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की 49वीं बरसी होगी। इसी युद्ध की पृष्ठभूमि में भुज की कहानी सेट है। अभिषेक दुधइया निर्देशित फ़िल्म में अजय देवगन स्क्वॉड्रन लीडर विजय कार्णिक का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने युद्ध के दौरान पाकिस्तान द्वारा नष्ट की गयी एयर स्ट्रिप को स्थानीय लोगों की मदद से रातों-रात बनाया था, ताकि सैनिकों की मदद के लिए जहाज उड़ान भर सकें।
कोरोना वायरस के प्रसार को थामने के लिए 24 मार्च से लॉकडाउन की घोषणा की गयी थी, जिससे तमाम फ़िल्मों की शूटिंग रुकी हुई है। भुज का अभी एक एक्शन शेड्यूल बाक़ी है, जो अजय देवगन पर आधारित है। शूटिंग के अलावा सिनेमाघर खुलने को लेकर भी तस्वीर का रुख़ साफ़ नहीं है, जिसके चलते फ़िल्मों की रिलीज़ खिसकाने का क्रम जारी है।

You might also like