फायरिंग में हुई एक की मौत, दो घायल

सादुलपुर,(राजेश राजपूत)22 मई। शहर के सुभाष नगर में शुक्रवार दोपहर को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलते ही थानाधिकारी विष्णुदत विश्नोई मय पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना का मौका निरीक्षण कर मौके से एक जिन्दा तथा एक चला हुआ कारतूस बरामद किया। हरियाणा एवं झुंझुनूं थाना पुलिस को सूचना देकर नाकाबंदी करवाई। थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई ने बताया कि सुभाष नगर में दोपहर बाद राजेन्द्र गढवाल अपने घर के निकट चौक में मोहल्लेवासियों के साथ बैठा हुआ था तभी एक तेज गति से बोलेरो जीप आई। जिसमें पांच-छह जने सवार थे। जीप में सवार लोगों ने जीप से उतरते ही गढवाल पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके कारण गढवाल के सीने पर तथा एक कमर के पास गोली लगी। इसके अलावा गढवाल के पुत्र सुनील तथा पड़ौसी विनोद वाल्मिकी को भी गोली लगी। घटना के बाद मोहल्ले में भय का वातावरण बन गया तथा लोगों ने तीनों घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए तीनों को हिसार रैपुर कर दिया। थानाधिकारी ने बताया कि राजेन्द्र गढवाल की हिसार पहुंचने के बाद मौत हो गई। जबकि उनके पुत्र सुनील एवं पड़ौसी विनोद की हालत खतरे से बाहर है तथा हिसार में उपचाराधीन है। इस सम्बंध में थानाधिकारी विश्नोई ने बताया कि आपसी रंजिश का मामला है या अन्य कोई कारण है यह तो मामला दर्ज होने के बाद ही पता चलेगा। गौरतलब है मृतक राजेन्द्र गढवाल बस ऑपरेटर है।

You might also like