संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत

नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)24 मई। सदर थाना अंतर्गत गुहाला स्थित स्वामी की डूंगरी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गुहाला स्थित स्वामी की डूंगरी के पास उगरावाली निवासी रामजीलाल का शव मिलने पर आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को गुहाला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

मृतक शुक्रवार शाम अपने घर से निकला था जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसे तलाश किया लेकिन युवक का कहीं पता नहीं चला। सुबह जब गांव के लोग वहां से गुजर रहे थे तो ग्रामीणों ने युवक का शव पानी की टंकी के पास पड़ा हुआ देखा। घटना को लेकर डीवाईएसपी, सदर थाना अधिकारी सुरेंद्र सैनी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है व शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने, परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा एवं पीडि़त परिवार को बीपीएल परिवार में जोड़ने की मांग की।

इस दौरान पूर्व सरपंच गोपाल सैनी सहित ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। युवक की संदिग्ध हत्या की सूचना के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ समझाइश कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। तहसीलदार बृजेश गुप्ता ने बताया कि मामले की पुलिस के द्वारा निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। मृतक के परिजनों को राज्य सरकार निर्धारित योजना के तहत सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी एवं पीडि़त परिवार को बीपीएल योजना में जुड़वाया जाएगा।

You might also like