शॉर्ट सर्किट से आग लगने से जला लाखों का सामान
बिसाऊ,(अशोक सोनी)25 मई। कस्बे में एक मकान के उपरी मंजिल पर बने कमरे में रखे लाखों की किमत का सामान शॉर्ट सर्किट से जलकर खाक हो गया। वार्ड 12 के निवासी हाजी युसूफ खान के घर के उपरी मंजिल पर बने कमरे में रविवार की आधी रात को शॉर्ट सर्किट होने पर आग लग गई जिसमें आलमारी, बैड, ड्रेसिंग टेबल, एलसीडी, लेपटॉप, होम थियेटर, तीन मोबाईल, कूलर सहित 30 हजार रूपये नगदी जल गये व छत की पट्टिया टूट कर नीचे गिर गई।
घटना की जानकारी देते हुए पारिवारिक सदस्य डॉ मुबारिक खान ने बताया कि रविवार रात 12 से एक के बीच में बिजली की दो तीन बार ट्रिपिंग आई उस दौरान कमरे में शॉर्ट सर्किट होने पर आग लग गई। उस वक्त सभी घरवाले नीचे सो रहे थे। आग लगने का पता तब चला जब आग से कमरे की पट्टिया व खिड़की के शीशे टूटकर नीचे गिरने लगे। इस पर परिजनों ने बिजली लाईन कटवाने के लिये बिजली वालो को फोन किया लेकिन किसी ने भी फोन रिसिव नहीं किया बाद में लोकल इलेक्ट्रीशियन को बुलाकर मीटर से बिजली लाईन का तार कटवाया तथा पड़ौसियो व परिजनों ने मिलकर आग पर काबू पाने के लिए पानी डाला जिससे एक घंटे बाद आग बूझ पाई। इस आगजनी में तकरीबन ढ़ाई से तीन लाख का नुकसान हो गया है। आगजनी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवा नायब तहसीलदार को भी सूचना दी गई है।