बिहार के 395 प्रवासी श्रमिक 13 बसों में बीकानेर रवाना बीकानेर से मधुबनी ट्रेन के जरिए अपने घरों को पहुंचेंगे प्रवासी श्रमिक
चूरू,(पीयूष शर्मा)27 मई। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते अपने घर जाने के इच्छुक बिहार के 395 श्रमिक बुधवार को बीकानेर के लिए रवाना हुए। कलक्टर संदेश नायक के मुताबिक जिले के उपखंड मुख्यालयों से 13 बसों में सवार हुए ये श्रमिक बीकानेर से मधुबनी जा रही ट्रेन के जरिए अपने घरों तक पहुंचेंगे। रवानगी के समय सभी श्रमिकों को सैनेटाइज कर इनके लिए अल्पाहार व पेयजल के इंतजाम किए गए। कोरोना संक्रमण रोकथाम संबंधी एडवायजरी से अवगत कराया गया।
कलक्टर नायक ने बताया कि चूरू से 151, सुजानगढ़ से 99, रतनगढ से 10, राजगढ़ से 55, तारानगर से 49 व सरदारशहर से 31 श्रमिकों को बीकानेर भिजवाया गया है। बिहार से करीब 700 से अधिक यात्रियों को विभिन्न ट्रेनों के जरिए उनके गृह जिलों में भेजा गया है। वॉर रूम प्रभारी एडीएम रामरतन सौंकरयिा ने बताया कि बिहार के अलावा झारखंड, पंजाब, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश व कश्मीर के श्रमिकों को उनके गृह जिलों में पहुंचाया गया है।