एचसीएल प्रोजेक्ट का निजीकरण करने पर रोक लगाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन
खेतड़ी नगर,(विपुल पारीक)28 मई। हिन्दुस्तान कॉपर प्रोजेक्ट को निजीकरण से बचाने के लिए अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष किशनलाल जैदिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में बताया कि एनडीए सरकार के केंद्र में आते ही सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, उपक्रमों पर खतरा मंडराने लगा है जिससे भारत सरकार का एक मात्र ताम्र उद्योग हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड की शाखा खेतड़ी कॉपर प्रोजेक्ट को एनडीए सरकार अपने निजी स्वार्थ के चलते प्रोजेक्ट का निजीकरण करने पर लगी हुई है ।
ज्ञापन में बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पांच फरवरी 1975 को केसीसी प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया था। जैदिया ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार एचसीएल को वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल को कोडियों के भाव में बेचने की बात चल रही है।
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट से शेखावाटी क्षेत्र के साथ अलवर के हजारों परिवार वालों का घर चल रहा है, प्रोजेक्ट का निजीकरण होने पर हजारों परिवार वालों के सामने रोजी रोटी का संकट मंडराने लग जाएगा।
ज्ञापन के मार्फत अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने मांग की है कि प्रोजेक्ट को निजीकरण से बचाकर राज्य सरकार उपक्रमों में शामिल किया जाए।