मानक चौक इलाके में 5 घंटे तक पड़ा रहा शव
मानवता को शर्मसार करने वाली घटना
जयपुर,(राकेश अवस्थी)29 मई। राजधानी के माणक चौक थाना इलाके में आज मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार आज सुबह माणक चौक इलाके के खवास जी के रास्ते में दो मंजिला मकान में किराए पर रहने वाले रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर राजेंद्र माथुर का शव मिलने की सूचना पर माणक चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
कंटेन्मेंट इलाके में शव मिला था तो पुलिस ने कोरोना पॉजिटिव होने के शक के चलते मेडिकल टीम को सूचना दी और कोरोना पॉजिटिव होने का संदेह जताया। मगर सूचना देने के बाद भी 5 घंटे तक मेडिकल टीम मौके पर नहीं पहुंची तो पुलिस ने नगर निगम के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और शव उठाने को कहा।
इस तपती गर्मी में 5 घंटे तक ना तो नगर निगम के कर्मचारी मौके पर शव उठाने को पहुंचे और ना ही मेडिकल की टीम मौके पर पहुंची। इस पर माणक चौक थाने के पुलिसकर्मियों ने ही पीपीई किट पहन कर शव को गाड़ी में रखवाकर एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।