आधुनिक बस स्टैंड का लोकार्पण

विजेंद्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (दैनिक नवयत्न ) । नगरपालिका क्षेत्र में नवनिर्मित आधुनिक बस स्टैंड का शुक्रवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। यह बस स्टैंड स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा। लोकार्पण समारोह में सांसद बृजेंद्र सिंह ओला, विधायक पितराम सिंह काला, नगरपालिका चेयरमैन सुमित्रा सैनी और पालिका उपाध्यक्ष अभय सिंह बडेसरा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर बस स्टैंड का उद्घाटन किया। सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने कहा कि यह बस स्टैंड क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। चिड़ावा की जनता लंबे समय से एक सुव्यवस्थित बस स्टैंड की मांग कर रही थी, जो अब साकार हुई है। ओला ने जोर दिया कि इसका लक्ष्य केवल ढांचा खड़ा करना नहीं, बल्कि यात्रियों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि यह शहर की कनेक्टिविटी सुधारने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को भी गति देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय उन्होंने परिवहन मंत्री रहते हुए यहां निर्माण स्वीकृति दी थी। नगरपालिका चेयरमैन सुमित्रा सैनी ने कहा कि नगरपालिका मंडल ने इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित रैन बसेरा जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। यह चिड़ावा के सौंदर्यकरण और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नए बस स्टैंड परिसर को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें विशाल और आरामदायक वेटिंग हॉल, रात में रुकने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षित विश्राम गृह, छायादार बैठने की व्यवस्था, व्यवस्थित पार्किंग और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं। समारोह में पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा, पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा, समाजसेवी शीशराम हलवाई, शीशराम सैनी बिल्लू, वरिष्ठ पार्षद योगेंद्र कटेवा, एडवोकेट विनोद डांगी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सूर्यकांत शर्मा, पूर्व सरपंच धर्मपाल पायल, पार्षद निखिल चौधरी, सतपाल जांगिड़, रमाकांत, राकेश नायक, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश पूनिया, विनोद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय सैनी, सीताराम खोजी और दयाराम ओजटू सहित काफी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

You might also like