हाईटेक नाकाबंदी,ई-चालान मशीन से काटे एक दर्जन वाहनों के चालान
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न ) । पुलिस ने नाकाबंदी अभियान के दौरान पहली बार हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ई-चालान की कार्रवाई की है। थाना अधिकारी सीआई शिंभू दयाल मीणा ने बताया कि एसपी ऋचा तोमर के निर्देशानुसार शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक कोर्ट चौराहे के पास तीन घंटे तक सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने पहली बार हाईटेक ई-चालान मशीन का उपयोग करते हुए करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों के ऑनलाइन चालान काटे गए। साथ ही संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस ने आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए राजकोप-1 सिस्टम के फोटो मैच फीचर के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की फोटो का मिलान भी किया। इसके अलावा पूरी कार्रवाई को पारदर्शी बनाने के लिए सीआई द्वारा बॉडी प्रोटेक्टर कैमरे का भी उपयोग किया गया। नाकाबंदी के दौरान सीओ जितेंद्र सिंह चारण, सीआई शिंभू दयाल मीणा, एएसआई नाथूराम, पुलिसकर्मी रामचंद्र, किशोर कुमार, शिव शंकर सहित पुलिस एवं आरएसी जाब्ता मौजूद रहा।