परीक्षा परिणाम पर आतिशबाजी, छात्रों का हुआ भव्य सम्मान

जय जांगिड़

झुंझुनूं (नवयत्न)। इंदिरा नगर स्थित जवाहर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम इस वर्ष उत्कृष्ट रहा। शानदार परिणाम से उत्साहित विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय में जोरदार आतिशबाजी कर विद्यार्थियों की सफलता का जश्न मनाया गया।

विद्यालय के निदेशक राकेश झाझड़िया एवं श्रीमती रेनू झाझड़िया ने सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विद्यालय स्टाफ ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनके निरंतर प्रयास और शिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह बेहतर परिणाम देने के लिए विद्यालय लगातार प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों में भी खुशी का माहौल रहा और उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर पूरे विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और सभी ने मिलकर विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को यादगार बनाया।

You might also like