ऑपरेशन क्लीन स्वीप में एजीटीएफ टीम का बड़ा एक्शन
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ ( नवरतन वर्मा )। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी रिवाल्वर बरामद किया है। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के सुपरविजन में तथा एजीटीएफ प्रभारी आईपीएस अभिजीत पाटिल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी संदीप ढाका उर्फ ढाका को गिरफ्तार किया। IPS अभिजीत पाटिल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और डकैती सहित कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब 5 वर्षों तक जेल में भी रह चुका है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन एजीटीएफ टीम ने समय रहते उसे पकड़कर बड़ी घटना को टाल दिया।
अभिजीत पाटिल ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जिले में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। एजीटीएफ टीम हर एंगल से अपराधियों पर नजर बनाए हुए है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।एजीटीएफ प्रभारी आईपीएस अभिजीत पाटिल ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।