खाकी पर फिर बढ़ा भरोसा: पुलिस ने लौटाया युवक का कीमती बैग

डी . के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिल्ली से आए एक युवक का ऑटो में छूटा कीमती बैग महज कुछ ही घंटों में ढूंढकर सुरक्षित लौटा दिया।

 

जानकारी के अनुसार, युवक सिंधी कैंप बस स्टैंड पर उतरकर कालवाड़ जाने के लिए ऑटो में बैठा था। जल्दबाजी में वह अपना बैग ऑटो में ही भूल गया, जिसमें कीमती सामान और जरूरी दस्तावेज थे। घबराए युवक ने तुरंत 112 इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर मदद मांगी।

 

कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही मौके पर तैनात हेड कांस्टेबल गणेश लाल सक्रिय हो गए। गश्त पर होने के बावजूद वे तुरंत युवक के पास पहुंचे और ऑटो के हुलिए के आधार पर आसपास के ऑटो चालकों की सघन जांच शुरू कर दी।

 

कुछ ही देर में पुलिस ने संबंधित ऑटो को ढूंढ निकाला। ऑटो चालक ने ईमानदारी दिखाते हुए बैग पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने युवक की मौजूदगी में बैग की जांच कराई, जिसमें सभी सामान सुरक्षित मिला। इसके बाद बैग युवक को सुपुर्द कर दिया गया।

 

बैग वापस मिलने पर युवक ने भावुक होकर पुलिस का आभार जताया। इस पर हेड कांस्टेबल गणेश लाल ने विनम्रता से कहा, “यह तो हमारा कर्तव्य है।”

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है, जहां लोग जयपुर पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की सराहना कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।

You might also like