क्षेत्र में बदला मौसम, हल्की बारिश का दौर जारी
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और हल्की बारिश का दौर जारी रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समय क्षेत्र में गेहूं की फसल की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है, वहीं कई स्थानों पर कटी हुई फसल खेतों में ही पड़ी हुई है। इसके साथ ही कई किसानों के खेतों में सरसों की कटी फसल भी खुले में पड़ी है। ऐसे में लगातार बदलते मौसम और बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
मंगलवार सुबह से ही खेतड़ी क्षेत्र में आसमान पर बादल छाए रहे। आसमान में कड़कड़ाहट और बिजली की आवाजें सुनाई देती रहीं। सुबह करीब 10 बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई, जो बूंदाबांदी के रूप में जारी रही। मौसम में आए इस बदलाव के चलते क्षेत्र में ठंडी हवाएं भी चलने लगी हैं। मौसम को देखते हुए किसान खेतों में पड़ी फसलों को जल्द से जल्द समेटने और उन्हें सुरक्षित रखने में जुटे नजर आए। कई किसान अपने परिवार के साथ मिलकर फसल को ढकने और सुरक्षित स्थान पर रखने का प्रयास करते दिखाई दिए, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।
किसान राधेश्याम , संतोष सैनी का कहना है कि यदि कटी हुई गेहूं की फसल पर तेज बारिश हो जाती है तो उसमें नमी आने से दाने अंकुरित होने लगते हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता खराब हो जाती है और बाजार में उचित भाव नहीं मिल पाता। इसी तरह सरसों की फसल भी खराब होने का खतरा रहता है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार झुंझुनूं जिले सहित खेतड़ी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, कहीं-कहीं तेज बारिश व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। साथ ही 20–30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने, कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा खराब मौसम के दौरान खुले में काम करने से बचने की सलाह दी है।