विद्यालयों में प्रवेशोत्सव एवं सर्वे का किया निरीक्षण
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। संयुक्त निदेशक, बीकानेर श्रीमती अनुसूया एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, चूरू संतोष महर्षि द्वारा सुजानगढ़ ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव एवं हाउसहोल्ड सर्वे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्रीमती अनुसूया ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोथियाबास, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छापर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवानी एवं पीएम श्री राजकीय कनोई बालिका विद्यालय, सुजानगढ़ का दौरा किया। उन्होंने फील्ड में कार्यरत शिक्षकों से ऑनलाइन सर्वे के रिकॉर्ड की गहन जांच की तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं कार्यपुस्तिकाएं वितरित कीं। विद्यालयों में मिड-डे मील, आईसीटी लैब, वोकेशनल लैब एवं पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने नामांकन वृद्धि के लिए समस्त कार्मिकों को प्रभावी एवं निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष महर्षि ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपालपुरा में प्रवेशोत्सव के तृतीय चरण का अवलोकन किया। इस दौरान 25 प्रतिशत स्टाफ सर्वे कार्य में संलग्न पाया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को विद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीबीईओ सुनीता पुनिया, एसीबीईओ मंजू पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण उपरांत संयुक्त निदेशक ने सीबीईओ कार्यालय में बैठक आयोजित कर सभी अधिकारियों को नामांकन लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।