आरजीएचएस साइट पर फर्जी दस्तावेज अपलोड करने वाला अस्पताल संचालक गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । मानसरोवर थाना पुलिस ने जालसाजी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक निजी अस्पताल संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मरीजों के दस्तावेजों में काट छांट कर उन्हें आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) की साइट पर अपलोड करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी लखन सिंह खटाना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डॉ. सोमदेव बंसल (45) पुत्र जगदीश बंसल निवासी समराथल, धौलपुर है, जो वर्तमान में श्याम नगर में रहकर मानसरोवर स्थित निविक हॉस्पिटल का संचालन करता है।
पुलिस के अनुसार सितंबर 2025 में एडवोकेट जितेंद्र शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही से उनकी मां की मौत का आरोप लगाया था। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर वकीलों ने हाईकोर्ट रोड जाम कर प्रदर्शन भी किया था। इस मामले की जांच के दौरान अस्पताल संचालक द्वारा कई मरीजों के दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्हें आरजीएचएस पोर्टल पर अपलोड करने की अनियमितता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने रविवार दोपहर आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच में इलाज में लापरवाही के आरोप प्रमाणित नहीं हुए हैं, हालांकि दस्तावेजों में हेरफेर के मामले में कार्रवाई जारी है।