दो के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज व गिरफ्तार
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। जिले की रतनगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गत रात्रि को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डोडापोस्त चुरा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि को सब इंस्पेक्टर गिरधारीलाल एवं एएसआई हेमराज मय जाप्ता मालासर टोल के पास पहुंचे तथा नाकाबंदी शुरू की। इस दौरान एक युवक नाकाबंदी की तरफ आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक खेतों की तरफ भागने लगा, तो उसे रोककर नाम-पता पूछा और उसके पास मिले थैले की तलाशी ली। थैले में दो किलो 175 ग्राम डोडापोस्त चुरा मिला, जिस पर पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का निवासी 27 वर्षीय मेहरसिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे प्रकरण में सब इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र एवं एएसआई धर्मेंद्र मय जाप्ता मालासर टोल के पास गश्त करते हुए पहुंचे तथा नाकाबंदी शुरू की। इस दौरान एक युवक नाकाबंदी की तरफ आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक खेतों की तरफ जाने लगा, तो उसे रोककर नाम-पता पूछा और उसके पास मिले कट्टे की तलाशी ली। कट्टे में दो किलो 950 ग्राम डोडापोस्त चुरा मिला, जिस पर पुलिस ने पंजाब के तरणतारण निवासी 36 वर्षीय हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।