पुलिस ने आईपीएल सट्टे के 5 आरोपी पकड़े
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न ) । थाना पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महावीर चौक स्थित एक बिल्डिंग से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 25 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और 47,500 रुपए नकद सहित बड़ी मात्रा में सट्टा सामग्री जब्त की गई है।
थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने सोमवार को नोखा थाने में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। यह कार्रवाई संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा वृताधिकारी नोखा जरनैल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अरविंद कुमार पुनि के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 12 अप्रैल 2026 को महावीर चौक स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर दबिश दी गई। यहां आरोपी आईपीएल में चल रहे बेंगलुरु और मुंबई के मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 मोबाइल फोन, 3 चार्जर, 2 लैपटॉप, 1 लैपटॉप चार्जर, 32 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 47,500 रुपए नकद, 2 लाइट प्लेट और 2 हिसाब-किताब की डायरियां जब्त की हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चांदरतन सोनी (निवासी महावीर चौक, नोखा), गजानंद प्रजापत (निवासी कुम्हारों का चौक, नोखा), अभिषेक प्रजापत (निवासी बालाजी नगर, नोखा), विष्णु सोनी (निवासी डांगियावास, जोधपुर) और ताराचंद प्रजापत (निवासी नागौर, हाल नोखा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और जुआ अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अरविंद कुमार पुनि के नेतृत्व में मोहरसिंह, अशोक कुमार, गणेश गुर्जर, सुरेश, महेंद्र कुमार, पृथ्वीराज, कर्मवीर, हीरालाल और पुखराज सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।