लापता 14 वर्षीय बालक ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे मिला

डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी की जामडोली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन दिन से लापता एक नाबालिग बालक को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि सुमेल (जामडोली) निवासी 14 वर्षीय बालक विक्रांत बुनकर पुत्र बनवारी लाल बुनकर गत 9 अप्रैल को अपने घर से बिना बताए कहीं निकल गया था। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना जामडोली में अपहरण की धाराओं (137 (2) बीएनएस) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (आदर्श नगर) लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। साथ ही तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बालक की लोकेशन ट्रेस की गई।
पुलिस टीम की कड़ी मेहनत के बाद बालक विक्रांत को दिल्ली बाईपास रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे से सकुशल ढूंढ निकाला। पूछताछ में सामने आया कि बालक अपनी स्वेच्छा से घर छोड़कर गया था और उसके साथ किसी भी प्रकार की कोई अनहोनी या अपराध घटित होना नहीं पाया गया है। पुलिस ने बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया है।

You might also like